राजेशसाहू सागर एम पी
सागर, दिनांक 06 फरवरी 2026। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग से जुड़ी बुंदेलखंड बुल्स टीम के ऑफिशियल ट्रायल्स का प्रथम चरण 8 फरवरी को उत्साह और जोश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। गर्ल्स एवं बॉयज दोनों कैटेगरी में हजारों युवाओं ने मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाई। ट्रायल्स के बाद प्रत्येक वर्ग से 50-50 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर 9 फरवरी को अगले चरण के लिए आमंत्रित किया गया है।
युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष एवं यूथ आइकॉन आकाश सिंह राजपूत लगभग पाँच घंटे तक लगातार मैदान में मौजूद रहे। उन्होंने हर खिलाड़ी को बराबर अवसर देने पर जोर देते हुए चयन प्रक्रिया को बारीकी से देखा। उनका मुख्य उद्देश्य बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराना रहा।
टीम के मालिक मोक्ष रोहित बादवा ने भी मैदान में उतरकर चयन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई। चयन समिति में भारत की पूर्व महिला क्रिकेट खिलाड़ी संध्या अग्रवाल, अमित शर्मा, पल्लवी, फारूक भाई, तेज जी, निशांत सहित बुंदेलखंड बुल्स की पूरी टीम मौजूद रही। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार ट्रायल्स चले, जो आयोजन की पारदर्शिता और गंभीरता को दर्शाता है।
ट्रायल्स में इंदौर, भोपाल, शहडोल, रीवा सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों से खिलाड़ी पहुंचे। प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम को प्रतिभागियों ने बेहद उपयोगी और व्यवस्थित बताया।
इस अवसर पर आकाश सिंह राजपूत ने खिलाड़ियों को बुंदेलखंड बुल्स की टी-शर्ट्स वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महाभारत के अर्जुन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ी अपने लक्ष्य पर उसी तरह केंद्रित रहें, जैसे अर्जुन को केवल मछली की आँख दिखाई दे रही थी। अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर अभ्यास से ही सफलता प्राप्त होती है।
ट्रायल्स के दौरान सुशांत सिंह, शाहरुख खान, विक्रम राजपूत, रॉकी, जॉन्टी तथा सागर क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव फारूक भाई भी उपस्थित रहे। महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने आयोजन की सराहना करते हुए बुंदेलखंड बुल्स टीम के प्रयासों को सफल
बताया।


