
नरसिंहपुर। जिले की 39वीं कलेक्टर के रूप में पदस्थ रहीं सुश्री ऋजु बाफना का बुधवार को शाजापुर तबादला हो गया। स्थानांतरण का यह आदेश जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन के पूर्व ही मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा द्वारा जारी कर दिया गया। कलेक्टर जबलपुर में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में भाग लेने पहुंचीं थीं। अब जिले में नए कलेक्टर के रूप में श्रीमती शीतला पटले ने पदभार ग्रहण किया है। उल्लेखनीय है कि 9 नवंबर 2022 को पदस्थ हुईं सुश्री ऋजु बाफना का जिले कुल कार्यकाल में 14 माह से थोड़ा कम रहा। हालांकि पिछले दस कलेक्टर में वे ऐसी पहली अधिकारी भी हैं, जिन्हें तबादले के बाद अन्यत्र जिला मिला हो। बता दें कि जिले में अपने कार्यकाल के दौरान सुश्री बाफना ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में बेहतर काम किया। उनकी छवि ईमानदार और स्पष्टवादी अधिकारी की रही।

