आंधी-तूफान और बारिश से मक्का की फसल तबाह, उड़द की फसल में भी अप्लान की समस्याय मंत्री ने तत्काल सर्वे के दिए निर्देश
सागर,दिनांक 15सितंबर 2026। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर सोमवार को किसानों ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को जनसुनवाई के दौरान ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि मौसम की मार से मक्का की फसल को भारी नुकसान हुआ है, वहीं उड़द की फसल में भी अप्लान की समस्या सामने आ रही है। किसानों ने नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग मंत्री के समक्ष रखी।
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने तत्काल कलेक्टर एवं एसडीम संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरखी,जैसीनगर ,राहतगढ़,प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का जल्द से जल्द सर्वे कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आंधी-तूफान और बारिश के कारण जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।
मंत्री राजपूत ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल खराब होने से किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार किसानों के साथ खड़ी है और फसल नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें नियमानुसार जल्द राहत दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं विस्तार से मंत्री के समक्ष रखीं। किसानों का कहना था कि अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे उनकी मेहनत और लागत प्रभावित हुई है। किसानों ने मांग की कि प्रशासन द्वारा जल्द सर्वे कराकर नुकसान का उचित आकलन किया जाए, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे की कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और प्रभावित किसानों की स्थिति का सही आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है और प्राकृतिक आपदा की स्थिति में भी किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
किसानों ने मंत्री द्वारा उनकी समस्या को गंभीरता से सुनने और तत्काल अधिकारियों को निर्देश देने पर आभार व्यक्त किया। मंत्री ने पुनः भरोसा दिलाया कि फसल नुकसान से प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।


